छत्तीसगढछत्तीसगढ जनसंपर्क

सुशासन तिहार के शिविरों में मिल रहा समस्याओं का त्वरित समाधान, योजनाओं का लाभ पहुंच रहा अंतिम व्यक्ति तक…..

रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सुशासन तिहार के अंतर्गत प्रदेशभर में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज जांजगीर-चांपा जिले के जनपद पंचायत बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हारीकला तथा नगर पंचायत बलौदा एवं नरियरा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों ने भाग लेकर अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

बलौदा, नरियरा और कुम्हारीकला में आयोजित हुए जनसमस्या निवारण शिविर

शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। इस दौरान नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, किसान किताब, बी-1 खसरा, मतदाता पहचान पत्र, नैनो डीएपी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज एवं सामग्रियों का वितरण किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हितग्राहियों को चेक एवं प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबियां सौंपकर उनके पक्के आवास के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।

बलौदा, नरियरा और कुम्हारीकला में आयोजित हुए जनसमस्या निवारण शिविर

शिविर के दौरान विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां नागरिकों को एक्स-रे, रक्तचाप, मधुमेह, सिकल सेल एवं हीमोग्लोबिन जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत कुम्हारीकला में आयोजित शिविर में कुल 1625 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1578 मांग एवं 47 शिकायतें शामिल हैं। सभी आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है।

News Desk

Related Articles

Back to top button