छत्तीसगढछत्तीसगढ जनसंपर्क

शिक्षा से संवरेंगे बस्तर के बच्चों के सपने, प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर: उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा….

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में शिक्षा की नई संभावनाओं को साकार करने और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने 16 नवंबर को नारायणपुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों, भविष्य के सपनों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और जीवन में सफलता की मजबूत आधारशिला है।

बड़े सपने देखें बच्चे, उन्हें साकार करने के लिए करें निरंतर परिश्रम

मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कुम्हारपारा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों के संबंध में चर्चा की। विद्यार्थियों के उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। आवश्यकता उन्हें सही दिशा, बेहतर मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की है।

नारायणपुर में शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों का किया भ्रमण, विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर बढ़ाया आत्मविश्वास

इस अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने विद्यालय के प्राचार्य से शैक्षणिक व्यवस्थाओं, कक्षाओं की स्थिति, शौचालयों की उपलब्धता और परिसर की स्वच्छता सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण के महत्व को रेखांकित किया।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों से आत्मीय मुलाकात, शिक्षा से नई उम्मीदों को मिला संबल

इसके पश्चात मंत्री श्री वर्मा ने नारायणपुर के बखरूपारा स्थित निरामय आरोग्य संस्थान के बालक एवं बालिका छात्रावास का भ्रमण किया। यहां उन्होंने नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों से आए बच्चों के बीच समय बिताया। बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके रहन-सहन, अध्ययन, दैनिक गतिविधियों और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि बस्तर के जनजातीय एवं दूरस्थ अंचलों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और अनुकूल अवसर मिलने पर ये बच्चे भी विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो कठिन परिस्थितियों में भी बच्चों के जीवन में नई उम्मीदें जगाती है और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करती है।

नारायणपुर में शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों का किया भ्रमण, विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर बढ़ाया आत्मविश्वास

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के माध्यम से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मंत्री श्री वर्मा ने निरामय आरोग्य संस्थान द्वारा बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, आत्मविश्वास बनाए रखने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के ये बच्चे कल अपने परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

News Desk

Related Articles

Back to top button